चंद्रपुर, 15 अगस्त 2026। सरस्वती इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, चंद्रपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में प्राचार्य एवं अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई।
ध्वजारोहण के बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों द्वारा नगर में रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में झांकियां प्रस्तुत कीं। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाए। रैली को देखने के लिए नगरवासी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
नगर भ्रमण के बाद विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, भाषण और नाटक प्रस्तुत किए। स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में पहुंचे बच्चों ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में समलाई बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री प्रेमकिशोर पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समिति के सदस्य सीताराम देवांगन, शरद अग्रवाल एवं राजेश डनसेना भी कार्यक्रम में शामिल हुए। विद्यालय के हिन्दी माध्यम के प्राचार्य जगन्नाथ नायक एवं इंग्लिश मीडियम के प्राचार्य विनोद कुमार पटेल उपस्थित रहे। एकता टीम के सदस्य बजरंग लाल साहू ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन और अच्छे नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए विद्यार्थियों से देश के विकास में अपना योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई। राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ।
