चंद्रपुर।सरस्वती इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, चंद्रपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बड़े ही उत्साह, उमंग और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे विद्यालय परिसर को फूलों, गुब्बारों और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं आरती के साथ किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष, चंद्रपुर ओमप्रकाश देवांगन उपस्थित रहे, वहीं विशिष्ट अतिथियों में समलाई बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रेम किशोर पटेल, उपाध्यक्ष शिल्पा पाण्डे, सचिव सुपचंद पटेल, उप-सचिव रामकुमार पटेल, कैशियर प्रियंका गुप्ता, सीताराम देवांगन, शरद अग्रवाल, अपराजिता मिश्रा एवं राजेश डनसेना विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया गया।
विद्यालय के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण, वासुदेव, यशोदा और गोपियों की मनमोहक वेशभूषा में सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक नृत्य, भजन और श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित लघु नाटिकाओं की प्रस्तुति दी गई, जिसे देखकर उपस्थित सभी अभिभावक और अतिथि मंत्रमुग्ध हो गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात विद्यार्थी एवं समस्त शिक्षकगण भव्य शोभायात्रा के साथ नगर भ्रमण के लिए निकले। शोभायात्रा में ढोल-नगाड़ों की धुन पर बच्चे नाचते-गाते चल रहे थे। नगर के मुख्य चौक पर हर्षोल्लास के साथ मटकी फोड़ी गई। पूरे नगर में भ्रमण कर धर्म और प्रेम का संदेश देते हुए शोभायात्रा पुनः विद्यालय परिसर पहुंची, जहां प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
अंत में विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार पटेल द्वारा सभी नगरवासियों, अतिथियों एवं समिति के सदस्यों का कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया।
